दिनदहाड़े हत्या पर भड़के कांग्रेस नेता लालचंद शर्मा, कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

राजधानी के तिब्बती मार्केट क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई अर्जुन शर्मा की हत्या को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

लालचंद शर्मा ने जारी बयान में कहा कि व्यस्त बाजार क्षेत्र में खुलेआम गोली मारकर हत्या कर देना दर्शाता है कि अपराधियों में कानून का भय समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से राजधानी सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हत्या, लूट, फायरिंग और अन्य आपराधिक घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम जनता में असुरक्षा की भावना पनप रही है।

उन्होंने कहा, “देवभूमि उत्तराखंड की पहचान शांति और सौहार्द से रही है, लेकिन आज स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। जब राजधानी के बीच बाजार में दिनदहाड़े हत्या हो सकती है, तो आम नागरिक खुद को सुरक्षित कैसे समझे?”

कांग्रेस नेता ने सरकार से मांग की कि घटना की उच्चस्तरीय जांच कर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए और प्रदेश की कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर ठोस रणनीति बनाई जाए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की भी मांग की।

लालचंद शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी जनता के हित में आंदोलन करने पर मजबूर होगी। उन्होंने मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार से उन्हें उचित सहायता देने की मांग भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *