ब्रह्मपुरी क्षेत्र में निर्माणाधीन अम्बेडकर भवन एवं सार्वजनिक पुस्तकालय के कार्य का पुनः निरीक्षण किया गया। निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं आगामी चरण की तैयारियों की समीक्षा के उद्देश्य से यह निरीक्षण किया गया, ताकि कार्य समयबद्ध एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण हो सके
निरीक्षण के दौरान नगर निगम देहरादून के अधिशासी अभियंता श्री रचित कोठियाल एवं कनिष्ठ अभियंता (जेई) श्री थपलियाल उपस्थित रहे। अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन भवन की वर्तमान स्थिति, उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री तथा तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बताया गया कि अगले सप्ताह भवन के विशाल हॉल पर लेंटर डालने का कार्य प्रस्तावित है, जिसके दृष्टिगत पूर्व निरीक्षण किया गया
निरीक्षण के समय अम्बेडकर सेवा समिति के अध्यक्ष श्री चन्द्रपाल जी एवं संयोजक श्री ओमीचन्द जी भी उपस्थित रहे। समिति पदाधिकारियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समय में कार्य पूर्ण कराने की अपेक्षा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह भवन समाज के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित होगा, जहां सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ संचालित की जा सकेंगी तथा विद्यार्थियों को अध्ययन हेतु पुस्तकालय की सुविधा प्राप्त होगी।
इस अवसर पर पार्षद श्री सतीश कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणा के पश्चात माननीय विधायक श्री विनोद चमोली जी के प्रयासों से यह कार्य अब पूर्णता की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को धरातल पर उतारना जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है और यह भवन समाज के लिए एक स्थायी धरोहर सिद्ध होगा।
निर्माण कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों द्वारा आश्वस्त किया गया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार पूर्ण किए जाएंगे। निरीक्षण के उपरांत संतोष व्यक्त किया गया कि कार्य निर्धारित गति से प्रगति पर है और शीघ्र ही ब्रह्मपुरी क्षेत्र को एक सुसज्जित एवं उपयोगी अम्बेडकर भवन एवं पुस्तकालय की सौगात मिलेगी।
इस दौरान-समिति अध्यक्ष चन्द्रपाल,ओमीचन्द,वीरेंद्र कुमार,सुरेन्द्र कुमार,सोनू कर्णवाल,इश्कलाल,देवनाथ आदि समिति पदाधिकारी मौजूद रहे