अखिल भारतीय किसान सभा के जनपद देहरादून प्रतिनिधिमंडल ने डोईवाला क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में विद्युत विभाग द्वारा उपभोक्ताओं की मर्जी के विरुद्ध जबरदस्ती लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर के मामले में विद्युत अधीक्षण अभियंता (ग्रामीण) देहरादून श्री ई. विजय कुमार सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने विभागीय अधिकारियों के इस रवैये पर गहरी नाराजगी जताई।
किसान सभा के पदाधिकारियों ने अभियंता को बताया कि डोईवाला क्षेत्र के कई ग्रामीण उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जिससे लोगों में व्यापक रोष है। किसानों का कहना था कि स्मार्ट मीटर से बिजली बिल कई गुना बढ़ जाता है, जिसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था वाले लोग वहन नहीं कर सकते। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि जबरन स्मार्ट मीटर लगाने का सिलसिला जारी रहा, तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
अधिशासी अभियंता ई. विजय कुमार सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं और आश्वासन दिया कि विभाग द्वारा किसी भी उपभोक्ता को उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरदस्ती स्मार्ट मीटर नहीं लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कहीं इस तरह की शिकायत मिलती है, तो उसे तुरंत संज्ञान में लेकर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, पुराने मीटरों को बदलने से पहले उपभोक्ता की सहमति अनिवार्य रूप से ली जाएगी।
इस अवसर पर अखिल भारतीय किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष शिवप्रसाद देवली, जिला सचिव पुरुषोत्तम बडोनी, जिला संयुक्त सचिव याकूब अली, डोईवाला किसान सभा मंडल के अध्यक्ष बलबीर सिंह, मंडल उपाध्यक्ष ज़ाहिद अंजुम, मंडल संयुक्त सचिव अनूप कुमार पाल तथा उद्धव बलोनी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
जिला सचिव पुरुषोत्तम बडोनी ने बताया कि अधिशासी अभियंता के आश्वासन से किसानों में राहत की लहर है। हालाँकि, उन्होंने कहा कि सभा इस मामले पर नजर बनाए रखेगी और यदि विभाग ने आश्वासन का उल्लंघन किया, तो फिर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल, प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारी के सकारात्मक रवैये पर संतोष जताया।