गो सम्मान आह्वान अभियान, उत्तराखंड की एक आवश्यक बैठक दून योगपीठ, टपकेश्वर महादेव केंद्र, देहरादून में पूज्य संतों की पावन उपस्थिति में आयोजित हुई। बैठक में उपस्थित संतों एवं गोभक्तों ने एक स्वर से गौ माता को राष्ट्रमाता बनाने के संकल्प को दोहराते हुए अभियान को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने का निर्णय लिया।
बैठक में मलूक पीठाधीश्वर पूज्य स्वामी राजेंद्र दास जी महाराज के कृपापात्र शिष्य आचार्य रामानुज तरुण दास जी महाराज ने गो सम्मान आह्वान अभियान के अब तक संपन्न दोनों चरणों की विस्तृत जानकारी दी। अभियान की संपूर्ण कार्ययोजना के अनुसार प्रथम चरण में 27 अप्रैल 2026 को देश की 4500 से अधिक तहसीलों के माध्यम से 5 करोड़ से अधिक हस्ताक्षर तथा द्वितीय चरण में 27 जुलाई 2026 को लगभग 750 जिला केंद्रों पर 15 करोड़ से अधिक हस्ताक्षरों के साथ ज्ञापन प्रस्तुत किए गए।
अभियान के उत्तराखंड प्रभारी स्वामी सर्वेश्वर दास जी महाराज ने बताया कि आगामी 17 दिसंबर 2026 को देशभर की राज्यों की राजधानियों में पहुंचकर राज्य शासन के मुख्य सचिव के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति, माननीय प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्रियों को गौ सेवा, गौ सुरक्षा एवं गौ सम्मान के लिए हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना-पत्र सौंपे जाएंगे। अभियान की पुस्तिका में इस तृतीय चरण के लिए 31 करोड़ हस्ताक्षरों का लक्ष्य उल्लिखित है।
बैठक में गौ क्रांति मंच के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं श्री गुरु रामराय संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राम भूषण बिजल्वान ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि सभी संत गौ माता और नंदी बाबा को आगे रखते हुए तथा गाय को अपने हृदय में बसाकर एक सूत्रीय मांग—“गौ माता को राष्ट्रमाता बनाया जाए”—के लिए एकजुट हैं।
स्वामी अमृतानंद गिरी जी महाराज एवं साध्वी धृति नंदनी गौ प्रिया ने सभी हिंदू जनमानस एवं गौभक्तों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
बैठक में योगाचार्य डॉ. बिपिन जोशी को गो सम्मान आह्वान अभियान का देहरादून प्रभारी तथा डॉ. राम भूषण बिजल्वान को सह-प्रभारी बनाए जाने की घोषणा की गई।
नवनियुक्त देहरादून प्रभारी योगाचार्य डॉ. बिपिन जोशी ने बताया कि दिसंबर माह में संत गोपालमणि जी महाराज, जिन्हें “गौ माता राष्ट्रमाता” जयघोष के शिल्पी के रूप में सम्मानित किया जाता है तथा जो गौ कथा एवं धेनुमानस ग्रंथ के रचनाकार हैं, के श्रीमुख से देहरादून में भव्य गौ कथा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गौ माता के सम्मान, संरक्षण एवं राष्ट्रमाता के रूप में सम्मान की मांग को लेकर देहरादून में अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
बैठक का संचालन ऋषिकेश तहसील प्रभारी संजय अग्रवाल ने किया।
इस अवसर पर सच्चिदानंद नौडियाल, सौरभ सेमवाल, अजय त्यागी, सुनील कुमार कश्यप, सचिन डबराल, प्रिया दासी, अभिषेक, विनय प्रकाश, योगाचार्य अनिल रावत, अनिल चौधरी सहित अनेक संत, गोभक्त एवं अभियान से जुड़े कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अभियान की पुस्तिका में स्पष्ट किया गया है कि यह अभियान शांतिपूर्ण, अहिंसक एवं विनयपूर्वक चलने वाला अभियान है तथा इसका प्रमुख उद्देश्य गो सेवा, गो रक्षा एवं गो सम्मान है।
गौ माता राष्ट्रमाता — यही अभियान का संकल्प, यही जनमानस की पुकार।