पटेल नगर में सरेआम फायरिंग ने कानून-व्यवस्था पर खड़े किए गंभीर सवाल: लालचंद शर्मा

पटेल नगर क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी की घटना पर कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष श्री लालचंद शर्मा ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि राजधानी देहरादून में सरेआम फायरिंग की घटना होना बेहद चिंताजनक है। इससे आम लोगों में भय का माहौल पैदा हुआ है और अपराधियों के मन में कानून का डर कम होता दिखाई दे रहा है।

श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार कानून-व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन राजधानी में ही इस तरह की घटनाएं उन दावों की वास्तविकता सामने ला रही हैं। जब सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का इस्तेमाल कर फायरिंग की जा रही हो, तो यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर अपराधियों में पुलिस और कानून का कितना भय रह गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार को राजनीतिक बयानबाजी के बजाय प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। पुलिस प्रशासन को फायरिंग की घटना की निष्पक्ष और त्वरित जांच करते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।

कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि राजधानी में आम नागरिकों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि अपराधियों के खिलाफ समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो ऐसी घटनाओं से अपराधियों के हौसले और बढ़ेंगे। कांग्रेस इस मामले में सरकार और पुलिस प्रशासन से जवाबदेही तय करने की मांग करती है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *