छात्रसंघ चुनावों को लेकर कांग्रेस का सरकार पर हमला, लालचन्द शर्मा ने लगाए पुलिस के दुरुपयोग के आरोप

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचन्द शर्मा ने उत्तराखंड में महाविद्यालयों में चल रहे छात्र संघ चुनावों को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचन्द शर्मा ने कहा कि विधानसभा और अन्य चुनावों में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के आरोपों के बाद अब भाजपा महाविद्यालयों के छात्र संघ चुनावों में भी पुलिस का सहारा लेकर अपने समर्थित छात्र संगठनों को जिताने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में छात्र संघ चुनाव युवाओं को लोकतंत्र की पहली पाठशाला से जोड़ने का माध्यम हैं। लेकिन जिस प्रकार छात्र नेताओं एवं कांग्रेस समर्थित छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाया जा रहा है, उन्हें डराने-धमकाने तथा पुलिस कार्रवाई का भय दिखाने की कोशिश की जा रही हैं, उससे छात्र संघ चुनावों की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपनी राजनीतिक विचारधारा को महाविद्यालयों के परिसरों तक पहुंचाने के लिए पुलिस और प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग कर रही है।

जहां चुनाव में उसे छात्र-युवाओं का समर्थन नहीं मिल रहा है, वहां वह लोकतांत्रिक तरीके से मुकाबला करने के बजाय पुलिस के माध्यम से विपक्षी छात्र नेताओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है जो कि कतई बर्दास्त नहीं की जायेगी तथा इसके खिलाफ व्यापक आन्दोलन चलाया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *