एनएसयूआइ ने तीन कॉलेजों में प्रत्याशी घोषित किए, डीएवी और डीबीएस में अध्यक्ष पद पर प्रत्याशी, एमकेपी में पूरा पैनल मैदान में

छात्रसंघ चुनाव को लेकर एनएसयूआइ ने दून के तीन प्रमुख महाविद्यालयों में अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। डीएवी पीजी कॉलेज और डीबीएस पीजी कॉलेज में संगठन ने अध्यक्ष पद पर प्रत्याशी उतारे हैं, जबकि एमकेपी पीजी कॉलेज में अध्यक्ष समेत सभी प्रमुख पदों के लिए पूरा पैनल मैदान में उतारा गया है। एनएसयूआइ के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी और जिला अध्यक्ष हिमांशु रावत ने कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की।

डीएवी पीजी कॉलेज में एनएसयूआइ ने अध्यक्ष पद के लिए सौरभ सेमवाल को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, डीबीएस पीजी कॉलेज में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अभिनव कफलिया को दी गई है।

एमकेपी पीजी कॉलेज में एनएसयूआइ ने प्राची शर्मा को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया है। उपाध्यक्ष पद पर मोनिका, सहसचिव पद पर संजना, महासचिव पद पर प्रीति और कोषाध्यक्ष पद पर मोनिका रौथान को प्रत्याशी बनाया गया है। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) पद के लिए सलोनी को मैदान में उतारा गया है।

छात्रसंघ चुनाव की तिथि 29 सितंबर तय होने के बाद दून के महाविद्यालयों में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही छात्र संगठनों ने प्रचार और छात्र-छात्राओं से संपर्क की गतिविधियां बढ़ा दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *