उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मंत्री स्वर्गीय इंद्र हृदयेश जी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया गया।
पूर्व विधायक राजकुमार ने स्वर्गीय इंद्र हृदयेश को याद करते हुए कहा कि इंद्र हृदयेश जी उत्तराखंड की राजनीति का एक ऐसा व्यक्तित्व थीं, जिन्होंने अपने पूरे जीवन को जनसेवा और प्रदेश के विकास के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि इंद्रा जी ने हमेशा जनता की आवाज को मजबूती से उठाया और कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका राजनीतिक अनुभव, दूरदर्शिता और कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीयता हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय इंद्र हृदयेश केवल एक राजनेता नहीं थीं, बल्कि हजारों कार्यकर्ताओं की मार्गदर्शक और संरक्षक थीं। उन्होंने अपने संघर्ष, नेतृत्व क्षमता और जनहित के मुद्दों पर मुखरता के बल पर प्रदेश की राजनीति में एक अलग पहचान बनाई। उनका जीवन समाज और राजनीति में कार्यरत लोगों के लिए सदैव प्रेरणा देता रहेगा।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके दिखाए मार्ग पर चलने तथा जनहित के मुद्दों के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।
इस दौरान पार्षद विरेंदर बिष्ट , पार्षद प्रमोद कुमार , पार्षद निखिल कुमार , ओमी यादव , राजेश चंदेल , डॉक्टर एच पी यादव , दीपा चौहान , देवेंद्र कौर , विजेंद्र चौहान , अशोक कुमार , नमन कुमार , सुरेश चंद , अशोक कुमार , विजय कुमार , हिमांशु बिष्ट आदि समस्त साथी मौजूद रहे