खंडूरी के निधन पर लालचंद शर्मा ने जताया गहरा शोक

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर पूर्व कांग्रेस महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जनरल खंडूरी एक ईमानदार, अनुशासित और जनहित के प्रति समर्पित राजनेता थे, जिन्होंने उत्तराखंड के विकास और सुशासन के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।

लालचंद शर्मा ने अपने शोक संदेश में कहा कि भुवन चंद्र खंडूरी का राजनीतिक जीवन सादगी, पारदर्शिता और राष्ट्रसेवा का प्रतीक रहा। सेना से लेकर राजनीति तक उन्होंने हमेशा कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य किया और प्रदेश की जनता के बीच अपनी अलग पहचान बनाई।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने आज एक अनुभवी, दूरदर्शी और साफ-सुथरी छवि वाले नेता को खो दिया है। उनके निधन से प्रदेश की राजनीति और सामाजिक जीवन में एक बड़ी क्षति हुई है, जिसकी भरपाई कर पाना कठिन होगा।

लालचंद शर्मा ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार एवं समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *