रायपुर की बदहाल सड़कों, जानलेवा गड्ढों एवं बदहाल जलनिकासी के खिलाफ PWD कैंप कार्यालय का घेराव, जोरदार विरोध प्रदर्शन

रायपुर विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से बदहाल सड़कों, जगह-जगह बने जानलेवा गड्ढों, क्षतिग्रस्त नालियों और अव्यवस्थित जलनिकासी व्यवस्था से आम जनता भारी परेशानियों का सामना कर रही है। सड़क की खराब स्थिति के कारण आम नागरिकों, दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों को प्रतिदिन आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इन गंभीर जनसमस्याओं के समाधान में कथित विभागीय उदासीनता और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता के विरोध में पीसीसी सदस्य एवं प्रदेश सचिव, उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी, रायपुर विधानसभा, विनीत प्रसाद भट्ट के नेतृत्व में रायपुर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड लोक निर्माण विभाग (P.W.D.) कैंप कार्यालय, खास धौरण, कैनाल रोड, देहरादून का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क निर्माण एवं मरम्मत से जुड़े विभागीय अधिकारियों के समक्ष जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत, जानलेवा गड्ढों को भरने, क्षतिग्रस्त नालियों के पुनर्निर्माण तथा जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की।

इस अवसर पर विनीत प्रसाद भट्ट ने कहा कि रायपुर विधानसभा की जनता वर्षों से टूटी सड़कों, गड्ढों और जलभराव जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने कहा, “सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा और विकास की बुनियादी जरूरत है। रायपुर की जनता को सुरक्षित और सुगम आवागमन का अधिकार है। अब केवल आश्वासन और कागजी कार्रवाई से काम नहीं चलेगा, बल्कि धरातल पर तत्काल और स्थायी कार्रवाई करनी होगी।”

उन्होंने कहा कि खराब सड़कें और बदहाल जलनिकासी व्यवस्था बरसात के दौरान समस्या को और गंभीर बना देती हैं। विभाग को प्राथमिकता के आधार पर संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर मरम्मत एवं जलनिकासी के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।

देहरादून नगर निगम पार्षद रॉबिन त्यागी ने कहा कि यह प्रदर्शन किसी व्यक्तिगत स्वार्थ या राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि रायपुर विधानसभा की जनता की सुरक्षा, सम्मान और मूलभूत सुविधाओं के अधिकार की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि यदि संबंधित विभागों द्वारा शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो जनहित के मुद्दे पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

प्रमुख मांगें

1. रायपुर विधानसभा क्षेत्र की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए।
2. जानलेवा गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल भरा जाए।
3. क्षतिग्रस्त एवं जाम नालियों का पुनर्निर्माण तथा नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।
4. जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी जलनिकासी व्यवस्था विकसित की जाए।
5. खराब सड़कों एवं अधूरे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराई जाए।
6. निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
7. जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बरतने वाले संबंधित विभागों की जवाबदेही तय की जाए।

विनीत प्रसाद भट्ट ने कहा कि “रायपुर की जनता की आवाज अब दबेगी नहीं। सड़क, सुरक्षा, जलनिकासी और सम्मान के लिए हमारा संघर्ष लगातार जारी रहेगा। जनता की बुनियादी समस्याओं का समाधान हमारी प्राथमिकता है और इसके लिए हर लोकतांत्रिक मंच पर आवाज उठाई जाएगी।”

इस अवसर पर विनीत अजय डोभाल जी, ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती सरिता बिष्ट जी, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष तेजस्वी राणा जी, एनएसयूआई महानगर अध्यक्ष हिमांशु रावत जी, राजेश डोगरा जी, आदित्य रौथान जी, डी.ए.वी. (पी.जी.) कॉलेज के पूर्व अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल जी, अभिनव बिष्ट जी, स्वर्णिम कंडारी जी, श्रीमती मिथलेश उपाध्याय जी, श्रीमती विनीता देवी, उत्तराखंड युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव अर्पित राठी जी, रायपुर विधानसभा अध्यक्ष अतुल सक्सेना जी, राजपुर विधानसभा अध्यक्ष अभिषेक पासी जी, पिंटू मौर्य जी, एनएसयूआई प्रदेश सचिव मुकेश बसेड़ा जी, डीबीएस छात्रसंघ अध्यक्ष हर्ष राणा जी, एनएसयूआई महानगर उपाध्यक्ष नितिन नेगी जी, बकुल माखीजा जी, विदित डोभाल जी, मंथन भाटिया जी, रक्षित नेगी जी, यश नेगी जी, मयंक रावत जी, स्वयं रावत जी, वत्सल ठाकुर जी, हिमेश नेगी जी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *