राहुल गांधी के परिवार को धमकी देने का आरोप, कांग्रेस सेवादल ने FIR दर्ज करने की मांग की

कांग्रेस सेवादल उत्तराखंड के कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के परिवार को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दिए जाने के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर एसपी सिटी कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र सौंपा। कार्यकर्ताओं ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अतिरिक्त मुख्य संगठक मनमोहन शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ता आज एसपी सिटी कार्यालय में एकत्रित हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एसपी सिटी प्रमोद सिंह को प्रार्थना पत्र सौंपकर कथित धमकी के संबंध में एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि कर्नाटक के विधायक यशपाल सुहाने ने सार्वजनिक मंच से राहुल गांधी और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। कांग्रेस सेवादल ने इस बयान को गंभीर बताते हुए संबंधित विधायक के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस सेवादल कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि द्वारा सार्वजनिक रूप से इस तरह की कथित धमकी दिया जाना गंभीर मामला है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया।

इस दौरान प्रार्थना पत्र सौंपने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अतिरिक्त मुख्य संगठक मनमोहन शर्मा, सीताराम नौटियाल, विलियम गुरनईन सिंह, जसविंदर कौर, वैष्णवी, अंकिता सहित अन्य कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *