विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के सफल आयोजन हेतु उत्तरांचल पंजाबी महासभा की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

उत्तरांचल पंजाबी महासभा, जिला महानगर देहरादून द्वारा 14 अगस्त 2026 को हरिद्वार में आयोजित होने वाले विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में आज मान भावन वेडिंग पॉइंट, गुरु रोड, देहरादून में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक का आयोजन जिला महानगर देहरादून के अध्यक्ष श्री बलदेव पराशर जी एवं महामंत्री श्री गोविंद मोहन जी के नेतृत्व में किया गया। बैठक में देहरादून स्थित सभी गुरुद्वारों की प्रबंध कमेटियों, मंदिरों की प्रबंध समितियों, विभिन्न पंजाबी बिरादरियों के प्रमुखों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं गणमान्यजनों ने सहभागिता की।

बैठक का मुख्य उद्देश्य 14 अगस्त 2026 को हरिद्वार में आयोजित होने वाले विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम को भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से सफल बनाना था। इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिनिधियों से कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु महत्वपूर्ण सुझाव आमंत्रित किए गए तथा सभी से आग्रह किया गया कि वे अपने-अपने समाज, संस्थाओं एवं परिचितों को प्रेरित करते हुए अधिक से अधिक संख्या में हरिद्वार पहुंचकर इस राष्ट्रीय कार्यक्रम को सफल बनाएं।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला महानगर अध्यक्ष श्री बलदेव पराशर जी ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस उन लाखों परिवारों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने देश के विभाजन की असहनीय पीड़ा झेली। उन्होंने सभी धार्मिक, सामाजिक एवं बिरादरी संगठनों से इस कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

महामंत्री श्री गोविंद मोहन जी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा हरिद्वार में होने वाले आयोजन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी से अपने-अपने क्षेत्रों से अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

बैठक में प्रमुख रूप से प्रदेश संगठन मंत्री श्री जी.एस. आनंद जी, प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री पी.एस. कोचर जी सहित प्रदेश, जिला एवं महानगर के अनेक पदाधिकारी, वरिष्ठजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे समाज की नई पीढ़ी तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया।

बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। सभी उपस्थित प्रतिनिधियों ने विश्वास व्यक्त किया कि समाज के सामूहिक सहयोग से 14 अगस्त 2026 को हरिद्वार में आयोजित विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम अत्यंत भव्य, गरिमामय एवं ऐतिहासिक रूप से सफल होगा।

अंत में श्री विजय कुमार कथूरिया जी, राज्य मीडिया प्रभारी ने बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं समाज के गणमान्यजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मान भावन वेडिंग पॉइंट के प्रबंधन को उनके द्वारा उपलब्ध कराई गई उत्कृष्ट आतिथ्य व्यवस्था के लिए विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि सभी के सहयोग से यह आयोजन निश्चित रूप से ऐतिहासिक बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *