सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण, विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के मांडू सिद्ध मंदिर में ₹325.65 लाख की लागत से होने वाले मांडू सिद्ध मंदिर परिसर के सुधार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का विधायक श्री सहदेव सिंह पुण्डीर ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विधायक श्री सहदेव सिंह पुण्डीर ने कहा कि मांडू सिद्ध मंदिर समस्त क्षेत्रवासियों के साथ-साथ अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था, संस्कृति एवं धार्मिक पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है। मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर परिसर में प्रस्तावित विकास कार्य पूर्ण होने के बाद यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध होगा। साथ ही मंदिर परिसर का स्वरूप अधिक व्यवस्थित, आकर्षक एवं भव्य बनेगा।
विधायक श्री पुण्डीर ने कहा कि विकास का उद्देश्य केवल सड़क, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण और उनका सुनियोजित विकास भी आवश्यक है। इसी दृष्टि से सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों पर आवश्यकतानुसार विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि मांडू सिद्ध मंदिर के सुधार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं का विस्तार होगा तथा धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से भी क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए, ताकि निर्धारित अवधि में कार्य पूर्ण कर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय जनता को इसका लाभ उपलब्ध कराया जा सके।
विधायक श्री पुण्डीर ने कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, जल निकासी तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य मेघ सिंह, मंडल महामंत्री अजय जोशी, मंदिर समिति के पदाधिकारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।