प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि स्मार्ट सिटी पर कई करोड़ों का बजट खर्च किया गया है। अभी तक शहर स्मार्ट सिटी जैसा नहीं दिखता है। शुरू में नगर निगम के 10 वार्ड स्मार्ट सिटी परियोजना में लिए गए थे। उन्होंने कहा कि हालात यह हैं कि इन 10 वार्डों में काम ठीक नहीं है और अधूरा छोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि 10 वार्डों में स्मार्ट गालियां भी नहीं बनी है।
शर्मा ने कहा कि सुभाष रोड पर सीएमआई चौक के पास सड़क किनारे सड़क खुदी है। उन्होंने कहा कि सुभाष रोड में पैचवर्क के साथ कई जगह पर गड्ढे ही गड्ढे दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के मुखिया एवं डीएम के आदेशों की लोनिवि धज्जियां उडा रहा है। हरिद्वार रोड में प्रिंस चौक, कचहरी रोड का भी ऐसा हाल है। उन्होंने गांधी रोड, सहारनपुर चौक तक सड़क स्मार्ट सिटी को मुंह चिढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार से अजबपुर, कारगी, बंजारावाला, बालावाला, तुनवाला अपर एवं लोअर, सहस्त्रधारा रोड, चिडोंवाली, कैनाल रोड सहित दून के लगभग सभी मार्गों की हालत एक जैसी है जहां पर गड्ढे दिखाई दे रहे है।
उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने की डेडलाइन है लेकिन अब यूपीसीएल ने रात के अंधेरे में विद्युत लाइन को भूमिगत करने के लिए जगह जगह सड़कों को क्षतिग्रस्त कर दिया है और जिससे वाहन चालकों को दुर्घटनाओं का शिकार होना पड़ रहा है। परेड ग्राउंड, सुभाष रोड, लैंसडाउन चौक, ईसी रोड सहित अनेक स्थानों में सड़कों को खोद दिया गया है और जो मलबा है वह काफी ऊपर तक उठा हुआ है जो दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रहा है।
उन्होंने कहा कि ऐसे विभागों पर तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए जो काम अधूरा छोड़ रहे है जबकि विद्युत लाइन भूमिगत करने के साथ ही खोदी गई सड़के को तत्काल पैचवर्क कर दिया जाए लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा है जिससे वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस का यह भी कहना है कथित स्मार्ट शहर में सड़कों को बिना प्लानिंग खोदा जा रहा है। जैसे नेहरू कॉलोनी में पहले ऊर्जा निगम ने बिजली की भूमिगत लाइन के लिए सड़क खोदी और अब उक्त खोदी सड़क पर बिजली की अंडर ग्राउंड लाइन डालने का यूपीसीएल कर रहा है।
उन्होंने कहा कि पहले बारिश ने परेशान किया और अब खुदी सड़क धूल से जनता की आफत बनी है। कांग्रेस का कहना है कि ऐसा ही हाल शहर में कई सड़कों का है। उन्होंने कहा कि नेशविला रोड में कूड़ेदान तो हट गया, पर अब नेशविला रोड से छायादीप सिनेमा की ओर जाने सड़क कूड़े का ढेर बन गई है। उन्होंने कहा कि लोगों ने वहां पर कूडा डालना शुरू कर दिया है और अब इसे स्मार्ट सिटी बोले या फिर कुछ और बोले यह भविष्य के गर्भ में छिपा हुआ है।
उन्होंने कहा कि पलटन बाजार में टाइल्स की सड़क का संतुलन ही बिगड़ गया है। जिससे बरसात में इन सड़कों पर जल भराव होता है। उन्होंने कहा कि चकराता रोड सहित कई स्थानों में भी काम अधूरा हुआ है। उन्होंन कहा कि हरिद्वार रोड में ग्रीन बिल्डिंग बनाने का काम भी पूरा नहीं हुआ है। स्मार्ट सिटी के दायरे में दून अस्पताल चौक का ड्रेनेज सिस्टम अभी तक नहीं हुआ है।
बीती बरसात में भारी जलभराव इस चौक पर हुआ। स्मार्ट सिटी के जरिए कुछ जगह पर बस स्टॉप बनाए गए हैं, जबकि विज्ञापन नीति का अधिकार नगर निगम का है, इसे तो तमाशा ही माना जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि स्मार्ट सिटी के कामों की जांच हो। उन्होंने कहा कि अधूरे काम जल्द पूरे हो। शर्मा ने कहा है कि सड़कें और गलियां स्मार्ट बने। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द ही अधूरे कार्यों को पूरा नहीं किया गया तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर जबरदस्त आंदोलन करेगी।