हेमवती नन्दन बहुगुणा की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने किया माल्यार्पण, उनके विचारों को किया नमन

देश के महान नेता पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं अविभाजित उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व0 श्री हेमवती नन्दन बहुगुणा जी की पुण्यतिथि के अवसर पर महानगर कांग्रेसजनों ने आज एमडीडीए काम्प्लेक्स घंटाघर स्थित स्व0 हेमवती नन्दन बहुगुणा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें अपने श्रद्धासुमन अर्पित किये।

इस अवसर पर पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा ने कहा कि गढ़वाल के एक छोटे से गांव बुधाणी में सामान्य परिवार में जन्मे हेमवती नन्दन बहुगुणा जी ने जिस प्रकार से गढ़वाल से इलाहाबाद तक की शैक्षणिक यात्रा, छात्र राजनीति, स्वतंत्रता संग्राम और फिर देश की आजादी के बाद उत्तर प्रदेश के विधायक से लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, भारत सरकार के संचार मंत्री से लेकर वित्त मंत्री और लम्बे समय तक विपक्ष के नेता के रूप में देश को नेतृत्व दिया और जीवनभर जिस विचारधारा पर चले तथा कभी उन पर समझौता नहीं किया उससे उन्होंने देश की भावी पीढ़ियों को धर्मनिरपेक्षता की ठोस विचारधारा विरासत में दी और देश में वैचारिक कीर्तिमान स्थिापित किये।

पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि हेमवती नन्दन बहुगुणा व्यक्ति नहीं बल्कि विचाधारा थे। बहुगुणा जी ने अपने पूरे जीवन में कभी सिद्धांतों एवं विचारधारा की कीमत पर समझौता नहीं किया। उन्होंने हमेशा कहा कि ‘हिमालय टूट सकता है पर झुक नहीं सकता’। उन्होंने ने कहा कि बहुगुणा जी के ऊपर अंग्रेज सरकार ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान दस हजार जिन्दा या मुर्दा इनाम रखा था और जब वे गिरफ्तार हुए तो माफी मांगने की शर्त पर अंग्रेज सरकार ने उनको छोडने की पेशकश उनके पिता के माध्यम से की थी किन्तु बहुगुणा जी ने माफी मांगने से साफ मना कर दिया था।

इस अवसर पर पूर्व मेयर प्रत्याशी विरेन्द्र पोखरियाल, पूर्व पार्षद अनूप कपूर, सुनील कुमार बांगा, सोम प्रकाश बाल्मीकि, राजेश चंदेल, रवि बबलू, रवि प्रकाश शर्मा, सुरेश चन्द, शिव कुमार, मुकेश सोनकर, सुनील कुमार, ओमी यादव, वीरेंद्र कुमार, निखिल,कमल ,सुशील डोभाल, अनिल कुमार आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *