पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, भारतीय सैन्य अकादमी में स्वर्णिम उपलब्धियों के साथ संपन्न हुई 55वीं संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए), देहरादून में आयोजित 55वीं संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का समापन समारोह विद्यालय के प्राचार्य श्री माम चन्द एवं मुख्य अध्यापक श्री सरोज कुमार वर्मा के अनुभवी एवं प्रेरणादायी मार्गदर्शन में आयोजित हुआ; जिसमें विभिन्न खेल एवं योग स्पर्धाओं के विजेता प्रतिभागियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय के खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 30 पदक अर्जित किए, जिनमें 12 स्वर्ण, 13 रजत एवं 5 कांस्य पदक शामिल हैं।

फुटबॉल में विद्यालय ने अंडर-14 अंडर-17 बालिका वर्ग एवं अंडर-17 बालक वर्ग में स्वर्ण पदक प्राप्त किए, जबकि अंडर-14 बालक वर्ग ने रजत पदक जीता। बॉक्सिंग में अंबर ने स्वर्ण पदक अर्जित किया।

एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने 4 स्वर्ण, 8 रजत एवं 4 कांस्य पदक जीते। योग प्रतियोगिताओं में 2 स्वर्ण एवं 3 रजत पदक प्राप्त हुए, जबकि ताइक्वांडो में 2 स्वर्ण, 2 रजत एवं 1 कांस्य पदक हासिल किया गया।

प्रतियोगिता में सहभागी विभिन्न विद्यालयों के अनुरक्षण अध्यापिकाओं एवं छात्राओं ने विद्यालय द्वारा की गई उत्कृष्ट आतिथ्य व्यवस्था, स्वच्छता, अनुशासन, खेल सुविधाओं तथा पौष्टिक भोजन की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। प्रतिभागियों ने मंच से विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आयोजन को यादगार एवं सुव्यवस्थित बताया।
समापन अवसर पर शारीरिक शिक्षा शिक्षक श्री धीरेंद्र सिंह सिरोही ने परंपरा के अनुसार संभागीय ध्वज विद्यालय के प्राचार्य श्री माम चन्द को पुनः सौंपा, जिसके साथ ही 55वीं संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का गरिमामय समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *