देहरादून, कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष श्री लालचंद शर्मा ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद किए गए कथित ‘शुद्धीकरण यज्ञ’ को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह केवल कांग्रेस अध्यक्ष का नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है।
श्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा नेतृत्व को स्पष्ट करना चाहिए कि रामलीला मैदान में शुद्धीकरण करने वालों के खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई हुई? यदि भाजपा ऐसी गतिविधियों का समर्थन नहीं करती, जैसा कि राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा है, तो फिर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है?
उन्होंने कहा कि खड़गे जी ने हल्द्वानी में अपने भाषण के दौरान किसी धर्म या समाज को निशाना नहीं बनाया, बल्कि जनता से जुड़े मुद्दे उठाए थे। इसके बावजूद उनके जाने के बाद मंच का शुद्धीकरण किया जाना भाजपा-आरएसएस की कथित सामाजिक सोच पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
लालचंद शर्मा ने कहा कि भाजपा को केवल सदन में बयान देकर अपनी जिम्मेदारी से बचने के बजाय जमीन पर कार्रवाई करनी चाहिए। अगर सरकार वास्तव में इस घटना की निंदा करती है, तो जांच के नाम पर खानापूर्ति नहीं, बल्कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करे।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है, यहां नफरत और जातिगत भेदभाव की राजनीति के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। भाजपा को बताना होगा कि वह सामाजिक समरसता के साथ खड़ी है या ऐसे कृत्यों को राजनीतिक संरक्षण देने वालों के साथ।