कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष श्री लालचंद शर्मा ने चकराता से कांग्रेस विधायक श्री प्रीतम सिंह के भाई एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चमन सिंह तथा पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजपाल सिंह के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार श्री प्रीतम सिंह की लोकप्रियता और कांग्रेस की मजबूत राजनीतिक पकड़ से घबराई हुई है। इसी कारण कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
श्री शर्मा ने कहा कि चकराता क्षेत्र में श्री प्रीतम सिंह की मजबूत जनस्वीकार्यता किसी से छिपी नहीं है। पूर्व में जिला पंचायत चुनाव के दौरान भी कांग्रेस ने भाजपा सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद जीत दर्ज की थी। उस चुनाव में मिली हार भाजपा को आज भी खटक रही है। कांग्रेस का मानना है कि इसी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के चलते कांग्रेस नेताओं से जुड़े मामलों को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि ऊर्जा निगम के लाइनमैन द्वारा लगाए गए आरोप गंभीर हैं और उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, लेकिन किसी भी शिकायत के मामले में निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। कथित ऑडियो की प्रमाणिकता और पूरे घटनाक्रम की जांच तथ्यों के आधार पर की जानी चाहिए तथा सभी संबंधित पक्षों को अपनी बात रखने का उचित अवसर मिलना चाहिए।
श्री लालचंद शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार को बेरोजगारी, महंगाई और प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों पर जवाब देना चाहिए। विपक्ष के नेताओं पर सवाल उठाने के बजाय सरकार को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए