दशहरा कमेटी प्रेमनगर ने हर्षोल्लास के साथ मनाया विजयदशमी का पर्व, हजारों की संख्या में उमड़े क्षेत्रवासी – hindikhabar24x7.com

दशहरा कमेटी प्रेमनगर ने हर्षोल्लास के साथ मनाया विजयदशमी का पर्व, हजारों की संख्या में उमड़े क्षेत्रवासी

दशहरा कमेटी प्रेमनगर द्वारा प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी विजयदशमी का पावन पर्व दशहरा ग्राउंड, विंग नंबर-1, प्रेमनगर, देहरादून में बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में क्षेत्रवासियों ने उपस्थित होकर पर्व की खुशियों में भाग लिया। आयोजन ने क्षेत्र की सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और धार्मिक आस्था की झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष श्री लालचंद शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि भाजपा प्रदेश मंत्री श्री आदित्य चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्तियों और स्थानीय नागरिकों ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष श्री लालचंद शर्मा ने विजयदशमी की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि दशहरा केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि जीवन में सत्य, सदाचार और विनम्रता के महत्व को समझने का अवसर भी है। उन्होंने कहा, “रावण का अंत हमें यह संदेश देता है कि अहंकार चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, उसका अंत निश्चित है। सत्ता, शक्ति और ज्ञान का अहंकार व्यक्ति को विनाश की ओर ले जाता है। अंततः विजय सत्य, धर्म और अच्छाई की ही होती है। हमें इस पर्व से प्रेरणा लेकर समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करना चाहिए।”

कार्यक्रम के संयोजक श्री राजीव पुंज ने उपस्थित क्षेत्रवासियों को विजयदशमी पर्व के महत्व और प्रेमनगर में लंबे समय से चली आ रही दशहरा आयोजन की परंपरा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दशहरे का पर्व असत्य पर सत्य, बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को विजयदशमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।

दशहरा कमेटी प्रेमनगर के अध्यक्ष श्री सूरज प्रकाश भाटिया ने सभी क्षेत्रवासियों, सहयोगियों और आयोजन में सहभागी लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि प्रेमनगर की यह परंपरा सामाजिक समरसता और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक है। उन्होंने भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ आयोजन को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम में राजेश शर्मा (बाबू), विक्की खन्ना, अनिल ग्रोवर, संग्राम सिंह पुंडीर, भूषण भाटिया, रवींद्र खालसा, दीपक शर्मा, फकीरचंद, खेत्रपाल, मोहित ग्रोवर, रविंद्र सिंह, आशीष देसाई, किशोर लूथरा, राजेंद्र भाटिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

दशहरा कमेटी प्रेमनगर ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी क्षेत्रवासी इसी प्रकार एकजुट होकर प्रेमनगर की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत को आगे बढ़ाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *