देहरादून होमगार्ड भर्ती में युवाओं का जबरदस्त उत्साह, 152 पदों के लिए 5,416 आवेदन

जनपद देहरादून में पुरुष होमगार्ड्स के 152 रिक्त पदों हेतु सीधी भर्ती प्रक्रिया दिनांक 06 जून 2026 से संचालित की जा रही है। भर्ती हेतु कुल 5,416 आवेदन प्राप्त हुए हैं। अभ्यर्थियों को रोल नम्बर के अनुसार निर्धारित तिथियों पर बुलाया जा रहा है तथा प्रतिदिन लगभग 600 अभ्यर्थियों की शारीरिक नापजोख परीक्षा आईआरबी द्वितीय, झाझरा के मैदान में आयोजित की जा रही है। अब तक प्रतिदिन 70 से 80 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई है, जो युवाओं में होमगार्ड संगठन के प्रति उत्साह को दर्शाती है।

प्रातः 6 बजे से अभिलेख सत्यापन के उपरांत शारीरिक नापजोख, दौड़, क्रिकेट बॉल थ्रो एवं लंबी कूद की परीक्षाएँ कराई जा रही हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु भर्ती स्थल पर पेयजल, शौचालय एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
भर्ती प्रक्रिया की निगरानी भर्ती बोर्ड द्वारा की जा रही है, जिसमें क्षेत्राधिकारी सहसपुर श्री अनुज कुमार, उप जिलाधिकारी चकराता श्री प्रेम लाल तथा अध्यक्ष के रूप में ज़िला कमांडेंट होमगार्ड्स, देहरादून, श्री निर्मल जोशी सम्मिलित हैं। पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की वीडियोग्राफी कराई जा रही है तथा पुलिस विभाग के पीटीआई द्वारा भी विभिन्न परीक्षणों का पर्यवेक्षण किया जा रहा है।
शारीरिक दक्षता परीक्षण में सफल अभ्यर्थियों को उनके अभिलेखों एवं दस्तावेजों के आधार पर नियमानुसार अंक प्रदान कर चयन प्रक्रिया की अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। भर्ती स्थल पर युवाओं में विशेष उत्साह एवं ऊर्जा देखने को मिल रही है तथा अभ्यर्थी पूरे मनोयोग के साथ भर्ती प्रक्रिया में प्रतिभाग कर रहे हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *