दून इंटरनेशनल स्कूल, डालनवाला, देहरादून के प्रांगण में आज दिनांक 3 अक्टूबर 2026 सेवा संकल्प अभियान का सफल एवं प्रेरणादायक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री अरविन्द मेनन जी उत्तराखंड सेह प्रभारी भारतीय जनता पार्टी, सम्मानित अतिथि के रूप में खजानदास जी एवं विशेष अतिथि के रूप में श्री श्याम अग्रवाल माननीय राज्य मंत्री उत्तराखंड, कुंदन परिहार, प्रदेश महामंत्री, भाजपा , आदित्य चौहान प्रदेश मंत्री भारतीय जनता पार्टी , डालनवाला मंडल अध्यक्ष श्रीमती पूनम शर्मा, श्रीमती सुनीता मजखौला पार्षद नगर निगम देहरादून, श्री प्रेम लाल भारती जिला शिक्षा अधिकारी देहरादून, श्री राम बाबू विमल प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी रायपुर एवं कार्यक्रम सह संयोजक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अन्य गणमान्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
विद्यालय के चेयरमैन श्री डी.एस. मान जी, डायरेक्टर श्री एच.एस. मान जी एवं प्रधानाचार्य डॉ. दिनेश बर्त्वाल जी ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनन्दन किया।
इस अवसर पर सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प विषय पर निबंध, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि श्री अरविन्द मेनन जी एवं खजानदास जी द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने छात्रों को ‘सेवा ही सबसे बड़ा संकल्प’ का मंत्र देते हुए समाज सेवा के लिए प्रेरित किया।
अंत में प्रधानाचार्य डॉ. दिनेश बर्त्वाल जी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्रों का आभार व्यक्त किया और राष्ट्र सेवा के इस संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।