लालचंद शर्मा का केंद्र पर वार: चुनाव खत्म होते ही गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाकर जनता पर डाला बोझ

पूर्व कांग्रेस महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने देशभर में एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में हुई भारी बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि 1 मई 2026 से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर (19 किलोग्राम) के दाम में ₹993 और 5 किलोग्राम वाले सिलेंडर में ₹261 की बढ़ोतरी कर केंद्र सरकार ने एक बार फिर आम जनता की जेब पर डाका डालने का काम किया है।

लालचंद शर्मा ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल, असम समेत कई राज्यों के चुनाव खत्म होते ही इस तरह की बढ़ोतरी करना यह साबित करता है कि भाजपा सरकार चुनाव के दौरान सच्चाई छिपाती है और चुनाव निपटते ही जनता पर महंगाई का बोझ डाल देती है।

उन्होंने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से होटल और रेस्टोरेंट के बिल सीधे तौर पर महंगे हो जाएंगे, जिसका असर आम आदमी की जेब पर पड़ेगा। इसके साथ ही खाने-पीने की अन्य वस्तुओं के दामों में भी वृद्धि होगी। स्ट्रीट फूड विक्रेताओं पर भी इसका सीधा असर पड़ेगा, जिससे चाय, समोसे, पकौड़े जैसे रोजमर्रा के खाद्य पदार्थों के दाम बढ़ना तय है।

लालचंद शर्मा ने कहा कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता के लिए यह बढ़ोतरी किसी बड़े झटके से कम नहीं है। केंद्र सरकार केवल चुनावी राजनीति में व्यस्त है और आम जनता की परेशानियों से उसका कोई सरोकार नहीं है।

उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि वह इस निर्णय को तुरंत वापस ले और गैस सिलेंडर के दामों में कटौती कर आम जनता को राहत दे, अन्यथा कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतरकर जनआंदोलन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *