उत्तर रेलवे देहरादून द्वारा 1 अक्टूबर 2026 को ‘स्वच्छता पखवाड़ा दिवस’ के अवसर पर एक विशेष स्वच्छता अभियान का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में रेलवे के उच्च अधिकारियों और देहरादून स्टेशन पर कार्यरत रेल कर्मचारियों ने बड़े उत्साह और निष्ठा के साथ भाग लिया।
यह आयोजन मुरादाबाद मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) श्री प्रेम शंकर झा तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक (एसीएम) मुरादाबाद के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ। सामाजिक सहभागिता की मिसाल पेश करते हुए ‘संयुक्त नागरिक संगठन’ ने भी इस अभियान में अग्रणी भूमिका निभाई और पूरे उत्साह के साथ श्रमदान किया। संयुक्त नागरिक संगठन की ओर से श्री मुकेश नारायण शर्मा के नेतृत्व में टीम के सदस्य संजय अमन, श्री मोहन सिंह खत्री, श्री अवधेश शर्मा, श्री रविंद्र एवं श्री उपेंद्र ने स्वच्छता सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर एडीआरएम श्री प्रेम शंकर झा ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए प्रेरक संदेश दिया। उन्होंने कहा, “स्वच्छता केवल एक दिन या एक घंटे का औपचारिक कार्य नहीं है, बल्कि इसे हम सभी को अपनी जीवनशैली में आत्मसात करना होगा। जब हम स्वयं स्वस्थ और जागरूक रहेंगे, तभी एक स्वच्छ और समर्थ राष्ट्र का निर्माण संभव है।”
एडीआरएम महोदय ने राष्ट्रहित में स्वच्छता को दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग देने के लिए संयुक्त नागरिक संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया और इस जन-जागरूकता मुहिम को निरंतर आगे बढ़ाने का अनुरोध किया। मुकेश नारायण शर्मा सचिव संयुक्त नागरिक संगठन देहरादून