सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। इसी क्रम में आज सहसपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत भाऊवाला में मुख्य मार्ग से शिखा नेगी एवं नरेंद्र सिंह नेगी के आवास की ओर राज्य योजना के अंतर्गत ₹63.12 लाख की लागत से बनने वाले 1,275 मीटर लंबे इंटरलॉकिंग टाइल मार्ग के निर्माण कार्य का विधायक श्री सहदेव सिंह पुंडीर द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर विधायक श्री सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में उत्तराखंड में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास तथा मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को निरंतर गति दी जा रही है। सरकार द्वारा गांवों में बेहतर संपर्क मार्ग, सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्राथमिकता के साथ कार्य किया जा रहा है।
विधायक श्री पुण्डीर ने कहा कि भाऊवाला में बनने वाला यह मार्ग स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही आवागमन संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। 1,275 मीटर लंबे इंटरलॉकिंग टाइल मार्ग के निर्माण से स्थानीय लागों को बेहतर, सुगम एवं सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र में आवागमन की व्यवस्था बेहतर होने से दैनिक कार्यों, विद्यालय, बाजार एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच में सुविधा होगी।
उन्होंने कहा कि सड़क एवं संपर्क मार्ग किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारभूत आवश्यकता हैं। बेहतर मार्ग व्यवस्था से न केवल आवागमन सुगम होता है, बल्कि स्थानीय आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलती है। इसी उद्देश्य से सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुरूप सड़क निर्माण एवं सुधार कार्य कराए जा रहे हैं।
विधायक श्री पुंडीर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को इसका लाभ शीघ्र प्राप्त हो सके।
उन्होंने कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र का समग्र, संतुलित एवं सतत विकास उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्रवासियों की आवश्यकताओं एवं सुझावों के आधार पर विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को धरातल पर उतारते हुए क्षेत्र के प्रत्येक हिस्से तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी जिला देहरादून ग्रामीण महामंत्री श्री यशपाल नेगी जी, मंडल अध्यक्ष सुखदेव फरसवाण, ग्राम प्रधान पुष्पा चौहान, पुर्व प्रधान रामा थापा, विरोश थापलीए विभागीय अधिकारीगण सहित सैकडों की संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।