अभियंता दिवस पर डिप्लोमा इंजीनियरों ने किया रक्तदान, 1000 यूनिट का रखा लक्ष्य

देहरादून भारत रत्न सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर मंगलवार को उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की ओर से सद्भावना भवन, यमुना कॉलोनी में अभियंता दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी आशीष चौहान और विशिष्ट अतिथि संरक्षक इं. डीटीसी नौटियाल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सर एम. विश्वेश्वरैया के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि जिलाधिकारी आशीष चौहान ने रक्तदान शिविर का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान सर एम. विश्वेश्वरैया के जीवन एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया।
महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि अभियंता दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में 1000 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया है। जनपद देहरादून में महासंघ के सदस्यों द्वारा 246 यूनिट रक्तदान किया गया, जबकि गढ़वाल मंडल के विभिन्न जनपदों में डिप्लोमा इंजीनियरों द्वारा कुल 680 यूनिट रक्तदान किया गया।
जिलाधिकारी आशीष चौहान ने रक्तदान करने वाले सभी अभियंताओं की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने सेवा पखवाड़े के तहत प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर पूरे सप्ताह रक्तदान शिविर आयोजित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महासंघ के प्रांतीय महासचिव इं. वीरेंद्र सिंह गुसाईं, जनपद अध्यक्ष इं. सुरेंद्र श्रीकोटी, संगठन सचिव गढ़वाल इं. प्रमोद नेगी, मंडल अध्यक्ष इं. आशीष यादव, राघवेंद्र डोभाल सहित बड़ी संख्या में डिप्लोमा इंजीनियर एवं महासंघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *