चारधाम में विशेष पूजा शुल्क वृद्धि के विरोध में कांग्रेस का ज्ञापन, केदारनाथ चोरी मामले की जांच की मांग

पूर्व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचन्द शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसजनों के एक प्रतिनिधिमंडल ने चारधाम यात्रा के अंतर्गत बद्रीनाथ एवं केदारनाथ धाम में विशेष पूजा शुल्क वृद्धि में पुनर्विचार किये जाने एवं श्री केदारनाथ में सोना एवं दंड चोरी मामले की जांच को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट देहरादून को महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्रेषित किया।

सिटी मजिस्ट्रेट देहरादून को सौंपे महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति द्वारा चारधाम यात्रा के दौरान बद्रीनाथ मंदिर एवं केदारनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के शुल्क में की गई वृद्धि से श्रद्धालुओं में व्यापक असंतोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा आस्था, श्रद्धा एवं सनातन परंपरा का प्रतीक है। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु सीमित संसाधनों के बावजूद कठिन परिस्थितियों में यात्रा कर भगवान के दर्शन हेतु आते हैं। ऐसे में विशेष पूजा शुल्क में अत्यधिक वृद्धि करना श्रद्धालुओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने जैसा है।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना की व्यवस्था आम श्रद्धालुओं की पहुंच में रहनी चाहिए। अत्यधिक शुल्क निर्धारण से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के श्रद्धालु विशेष पूजा से वंचित हो सकते हैं, जो कि सामाजिक एवं धार्मिक दृष्टि से उचित नहीं है।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने श्री केदारनाथ धाम में धर्म दंड चोरी का मामला उठाते हुए कहा कि श्री केदारनाथ धाम का धर्म दंड चोरी होने का मामला सामने आया है, इससे पूर्व भी श्री केदारनाथ में सोना चोरी होने का मामला सामने आया था,इन दोनों मामलों पर मन्दिर समिति खामोश है। यह मामले सनातन धर्म की आस्था पर सबसे बड़ा हमला हैं जिसकी निष्पक्ष जांच अत्यंत आवश्यक है।
कांग्रेसजनों ने मांग की है किः-
1. विशेष पूजा शुल्क वृद्धि के निर्णय पर तत्काल पुनर्विचार किया जाए।
2. शुल्क निर्धारण में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
3. स्थानीय जनता, तीर्थ पुरोहितों एवं श्रद्धालुओं से संवाद स्थापित कर सहमति से निर्णय लिया जाए।
4. श्री केदारनाथ मन्दिर समिति में सोना की चोरी एवं धर्म दंड चोरी के मामलों की निष्पक्ष जांच करवाई करवाते हुए दोषियों के खिलाफ कडी कार्रवाई की जाय।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए उपरोक्त बिन्दुओं पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाय ताकि लोगों की आस्था बनी रहे।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक राजकुमार, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, विरेन्द्र पोखरियाल, सुरेश कुमार, सुन्दर सिंह पुडीर, संजय शर्मा एडवोकेट,राहुल प्रताप लक्की आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *