भ्रष्टाचार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान का मसूरी विधानसभा के जाखन ब्लॉक से आगाज – hindikhabar24x7.com

भ्रष्टाचार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान का मसूरी विधानसभा के जाखन ब्लॉक से आगाज

भाजपा सरकार में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार, अनियमितताओं एवं जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आज मसूरी विधानसभा के जाखन ब्लॉक से हस्ताक्षर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया।

यह अभियान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में, प्रदेश कोषाध्यक्ष व मसूरी विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी गोदावरी थापली के आह्वान पर आयोजित किया गया। अभियान का संचालन जाखन ब्लॉक अध्यक्ष अनुप सक्सेना के नेतृत्व में किया गया, जिसमें ब्लॉक के समस्त पदाधिकारियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और हस्ताक्षर कर भाजपा सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

इस अभियान के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा सरकार के मंत्री गणेश जोशी, रेखा आर्य, डॉ. धन सिंह रावत के कार्यकाल में सामने आए कथित भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं के मामलों पर जवाबदेही तय करने और निष्पक्ष जांच की मांग की गई।

इस अवसर पर गोदावरी थापली ने कहा कि प्रदेश की जनता भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और जनसमस्याओं से परेशान है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर भाजपा सरकार की कथित विफलताओं और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी। यह हस्ताक्षर अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता के अधिकारों और जवाबदेही की लड़ाई है।

उन्होंने कहा कि मसूरी विधानसभा के जाखन ब्लॉक से शुरू हुआ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़कर जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी।

इस अवसर पर जाखन ब्लॉक अध्यक्ष अनुप सक्सेना, पी सी सी सदस्य उपेन्द्र सिंह थापली, वार्ड अध्यक्ष रघु गुरुंग, विनय खत्री, मुकेश कुमार, गौरव गुलेरिया, मोहन थपली, गणेश बाबू, भारत, उमंग गुप्ता, विशेष बजाज, नीरज पाल, सहित ब्लॉक के सभी पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *