यूटीयू पेपर लीक पर कांग्रेस का हल्लाबोल, मंत्री धन सिंह रावत का फूंका पुतला

प्रदेश चुनाव प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि देश की सबसे महत्वपूर्ण चिकित्सा प्रवेश परीक्षा (नीट) तथा तकनीकी शिक्षा परीक्षा में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार के मामलों ने लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का विश्वास गंभीर रूप से प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और धांधली के मामलों ने लाखों मेहनती छात्रों और उनके अभिभावकों का विश्वास तोडने का काम किया है।

यह केवल एक परीक्षा में गड़बडी का मामला नहीं, बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। वर्षों की कठिन मेहनत, आर्थिक संसाधनों और मानसिक दबाव के बीच परीक्षा की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के भविष्य के साथ इस प्रकार का खिलवाड़ अत्यंत ही दुर्भाग्यपूर्ण एवं चिंताजनक है। उन्होंने राज्य की भाजपा सरकार को चेतावनी दी है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और इस मुद्दे को विधानसभा से लेकर सड़क तक उठाया जाएगा।

चुनाव प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष डॉ0 हरक सिंह रावत ने कहा कि आज देश और प्रदेश का युवा अपने गरीब माता-पिता की खून पसीने की कमाई से दिन-रात मेहनत करके अपने भविष्य का सपना देखता है, लेकिन जब परीक्षाओं की गोपनीयता ही सुरक्षित न रहे तो प्रतिभाशाली और ईमानदार छात्रों का मनोबल टूटना स्वाभाविक है।

भाजपा की केंद्र सरकार, राज्य सरकार और संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पारदर्शी और मजबूत परीक्षा प्रणाली लागू करें। इससे पूर्व नीट और उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग परीक्षा तथा अब तकनीकी परीक्षा सहित अनेक प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े पेपर लीक, सॉल्वर गैंग, फर्जी परीक्षार्थियों तथा परीक्षा केंद्रों में अनियमितताओं के अनेक मामले सामने आए हैं जिनमें सत्ताधारी दल के लोगों की संलिप्तता गम्भीर चिन्ता का विषय है।

इन घटनाओं ने यह सिद्ध कर दिया है कि परीक्षा प्रणाली में गंभीर खामियां मौजूद हैं। दुर्भाग्य की बात यह है कि भाजपा की सरकारों द्वारा हर वर्ष जांच और सख्ती के दावे किए जाते हैं, लेकिन फिर भी परीक्षा की विश्वसनीयता पर लगातार प्रश्नचिह्न लग रहे हैं। प्रदर्शन के उपरान्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तकनीकी शिक्षा मंत्री धनसिंह रावत का पुतला दहन भी किया। इस दौरान “युवा विरोधी सरकार मुर्दाबाद”, “पेपर लीक बंद करो”, और “दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करो” जैसे नारे लगाए गए।

प्रदर्शन के उपरान्त पुलिस श्री गणेश गोदियाल, श्री प्रीतम सिंह, डॉ0 हरक सिंह रावत सहित अनेक कांग्रेस जनों को गिरफ्तार कर सुद्धोवाला जेल ले गई जहां थोडी देर बाद सभी को रिहा कर दिया गया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *