प्रेमनगर की समस्याओं को लेकर डीएम से मिले लालचन्द शर्मा, पार्किंग और जाम का मुद्दा उठाया

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष लालचन्द शर्मा के नेतृत्व में कैंट विधानसभा के प्रेमनगर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए कांग्रेसजनों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान से मुलाकात की। वहीं प्रतिनिधिमंडल ने घंटाघर एमडीडीए कॉम्पलेक्स, घंटाघर एवं पुरानी तहसील से पार्किंग को हटाए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इन पार्किगों से हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रेमनगर क्षेत्र में भारत-पाक विभाजन के उपरांत बसाये गए शरणार्थियों की समस्याओं को संज्ञान मे लाते हुए कहा कि भारत पाक विभाजन के उपरान्त देहरादून के प्रेमनगर रेस्ट कैम्प क्षेत्र में शरणार्थी परिवारों को बसाया गया तथा उन्हें सरकारी भूमि पर घर व प्लॉट का आवंटन किया गया। प्रेमनगर से लगी हुई अतिरिक्त सरकारी भूमि भी इन परिवारों को आवंटित किए जाने के लिए नापी गई थी जिसके लोगों से पैसे भी जमा करवाए गए, परन्तु आज लगभग तीसरी पीढ़ी हो गई है तथा उस अतिरिक्त भूमि की कब्जेदारी, विक्रय आदि इन परिवारों के नाम दर्ज नहीं की गई है।

कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचन्द शर्मा ने कहा कि प्रेमनगर में लगभग आठ हजार परिवार ऐसे भी हैं जो कि जिला पुनर्वास एवं विस्थापन विभाग ने आवंटित की गई भूमि पर कई वर्षों से निवास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भूमि आवंटन के लिए वर्ष 2008 में तत्कालीन सरकार ने जीओ भी पारित किया गया, परन्तु आज दिन तक इस ओर कोई भी सकारात्मक कार्यवाही नहीं की गई तथा आज भी मालिकाना हक नहीं मिल पाया है।
शर्मा ने यह भी कहा कि प्रेमनगर में वर्ष 2018 के सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश के कारण से प्रभावित व्यापारियों के लिए भी कोई नीति या कार्यवाही अमल में नहीं लाई गई है। इन व्यापारियों में भी मुख्य रूप से गैर-भारत-पाक विभाजन के उपरांत शरणार्थी परिवार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रेमनगर क्षेत्र में छोटे बच्चों को दफनाने के लिए श्मशान भूमि के नाम सेे राजस्व अभिलेखों में अंकित किया जाए अथवा उस क्षेत्र के अतिरिक्त अन्य भूमि श्मशान भूमि के नाम से आवंटित की जाए।

लालचन्द शर्मा ने यह भी कहा कि पूर्व में प्रेमनगर बाजार में लगने वाले जाम को देखते हुए सडक के दोनों ओर अस्थाई निर्माणों को हटाकर सडक चौडीकरण का कार्य किया गया परन्तु आज भी जाम की स्थिति जस की तस बनी हुई है जिसके लिए आवश्यक कार्रवाई किया जाना नितांत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त प्रेमनगर स्थित अन्य धार्मिक एवं सार्वजनिक उपयोग के स्थानों को भी विधिवत चिन्हित कर उनके संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए जिससे समय-समय पर होने वाली समस्याओं का स्थाईसमाधान हो सके तथा प्रेमनगर चौराहे पर लगने वाले जाम का स्थायी समाधान निकाला जाना चाहिए।

इस अवसर पूर्व विधायक व प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार ने तहसील चौक स्थित अवैध पार्किंग का मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में लाते हुए कहा कि तहसील चौक पर लम्बे समय से अवैध पार्किंग लगवाई जा रही है जिसके चलते घंटाघर तक जाम की स्थिति बनी रहती है तथा आम जनता को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

इस अवसर पर डीएम ने आश्वस्त किया है कि इस बारे में मुख्य सचिव को लिखा जाएगा और इसके लिए प्रशासन स्तर पर कमेटी बनाई जाएगी। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री वीरेंद्र पोखरियाल, प्रवक्ता दीप वोहरा, राजीव पुंज, राजेश शर्मा बाबू,महेश शर्मा, डी पी सिंह, अशोक कुमार सहगल, पुनीत कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *