सिद्धपीठ प्राचीन श्री शिव मंदिर, धर्मपुर चौक की ओर से बैकुंठ चतुर्दशी, प्रकाश पर्व एवं देव दीपावली के पावन अवसर पर सोमवार को श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ प्रभात फेरी निकाली गई तथा सायंकाल भव्य दीपोत्सव मनाया गया।
प्रातः प्रभात फेरी मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर धर्मपुर स्थित एलआईसी भवन के सामने से प्रकाश विहार होते हुए डॉ. ऋतु गुप्ता एवं श्री मुकेश गुप्ता के आवास एवं प्रतिष्ठान पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने विश्राम किया। इसके बाद प्रभात फेरी वापस मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। प्रभात फेरी के दौरान हरिनाम संकीर्तन एवं भजनों से क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा एवं स्वागत कर प्रभात फेरी में शामिल भक्तों का अभिनंदन किया।
सायंकाल मंदिर परिसर में 5100 दीपों का दीपदान किया गया, जिससे धर्मपुर चौक दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। सवा कुंतल पुष्पों से निर्मित दिव्य एवं भव्य रंगोली श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर भगवान शिव की आराधना की और सुख, समृद्धि एवं लोककल्याण की कामना की। दीपों की रोशनी और पुष्प सज्जा से मंदिर परिसर दिव्य एवं अलौकिक दिखाई दिया।
कार्यक्रम में सीताराम भट्ट, दीपक शर्मा, सुनील कौशिक, विवेक शर्मा, अशोक सूदी, सुशील मग्गू, मंजू, शर्मिला, अर्चना ठाकुर, सीताराम कश्यप, अरुण सती, कमल गुप्ता, लव मेंदोली, आशीष पुरोहित सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।