सिद्धपीठ प्राचीन श्री शिव मंदिर, धर्मपुर चौक की ओर से कार्तिक मास एवं तुलसी विवाह के पावन अवसर पर शनिवार को प्रभात फेरी श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ निकाली गई। प्रभात फेरी मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर मथुरा वाली रोड, स्वस्तिक डेयरी, पाल मोहल्ला होते हुए अजबपुर चौक स्थित डायनासोर पार्क पहुंची। यहां शर्मा एवं चंदेल परिवार के आवासों के आगे से होते हुए अरविंद अग्रवाल, मामचंद अग्रवाल, कुलदीप अग्रवाल एवं देवेंद्र अग्रवाल के आवास पर विश्राम किया। इसके बाद माता मंदिर रोड होते हुए धर्मपुर चौक स्थित मंदिर प्रांगण में संपन्न हुई।
प्रभात फेरी के दौरान श्रद्धालुओं ने हरिनाम संकीर्तन एवं भजन गायन कर वातावरण को भक्तिमय बनाया। जगह-जगह भक्तों ने ठाकुर जी का स्वागत एवं अभिनंदन किया। मंदिर प्रांगण में माता तुलसी का विवाह भगवान श्री शालिग्राम जी के साथ विधि-विधान एवं श्रद्धापूर्वक संपन्न कराया गया।
प्रभात फेरी में सीताराम भट्ट, दीपक शर्मा, सुनील कौशिक, विवेक शर्मा, अशोक सूदी, सुशील मग्गू, मंजू, शर्मिला, अर्चना ठाकुर, सीताराम कश्यप एवं अरुण सती सहित अनेक श्रद्धालु शामिल हुए।
आगामी धार्मिक आयोजनों के अंतर्गत 22 नवंबर को प्रदोष व्रत, 23 नवंबर को बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर 5100 दीपों एवं एक कुंतल फूलों से भव्य रंगोली सजाई जाएगी तथा 24 नवंबर को देव दीपावली का पावन पर्व मनाया जाएगा। मंदिर की ओर से श्रद्धालुओं से इन धार्मिक आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने एवं सहयोग करने की अपील की गई।