विश्व पर्यावरण दिवस पर डीएवी इंटर कॉलेज में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित

विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) के उपलक्ष्य में डीएवी इंटर कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के छात्र-छात्राओं द्वारा विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के 50 पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर आंवला, नीम, मुरिंगा, अनार, नींबू, अमरूद एवं बेल आदि के पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बबीता सहोत्रा ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या के कारण पेड़ों और जंगलों की निरंतर कटाई हो रही है, जिससे पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज जलवायु परिवर्तन और मानसून के बदलते स्वरूप को हम सभी अनुभव कर रहे हैं। वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं, क्योंकि उनसे ही हमें प्राणवायु (ऑक्सीजन) प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि जन्मदिन, पारिवारिक उत्सव अथवा किसी भी शुभ अवसर पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं।
डॉ. सहोत्रा ने कहा कि “वृक्ष रहेंगे तो हम रहेंगे, वृक्ष नहीं रहेंगे तो मानव जीवन भी संकट में पड़ जाएगा।” उन्होंने विद्यार्थियों को पौधों की नियमित देखभाल करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि वृक्षारोपण तभी सफल माना जाएगा जब लगाए गए पौधों को संरक्षित कर उन्हें वृक्ष बनने तक पोषित किया जाए।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. एस.के. श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा पौधों और वृक्षों की देखभाल करने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की अध्यापिका तृप्ति कुमार सहित छात्र-छात्राओं अभिजीत, अंश कुमार, कार्तिक बिष्ट, राधिका, चांदनी, अंशिका, अंजलि, सिद्धार्थ आर्य, प्रियंका पाल, रामकुमार, निरंजन, मनोज तथा विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ किया गया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *