रसोई गैस एवं आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, भाजपा सरकार का पुतला दहन

देहरादून। रसोई गैस सिलेंडर सहित आवश्यक वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने भाजपा सरकार का पुतला दहन कर केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के कार्यकाल में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे आम जनता का जीवन कठिन हो गया है। रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल, खाद्य तेल, दाल, आटा, दूध तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में हुई भारी वृद्धि ने मध्यम वर्ग, गरीब और श्रमिक परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है।

उन्होंने आगे कहा कि वर्ष 2014 की तुलना में आज रसोई गैस सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल, खाद्य तेल, आटा और दूध की कीमतों में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। महंगाई पर नियंत्रण पाने में विफल केंद्र सरकार जनता को राहत देने के बजाय लगातार आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। बढ़ती महंगाई के कारण महिलाओं के लिए घर का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है और आम नागरिकों की बचत लगातार प्रभावित हो रही है।

पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि चुनावी समय में कीमतों को नियंत्रित रखने का दिखावा करने वाली केंद्र सरकार अब लगातार पेट्रोल, डीजल, गैस सिलेंडर, पीएनजी और सीएनजी के दाम बढ़ाकर जनता की जेब पर सीधा हमला कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम नागरिकों के हितों की अनदेखी कर रही है और बढ़ती महंगाई पर कोई ठोस कदम उठाने में विफल रही है।

पार्षद अर्जुन सोनकर ने कहा कि महंगाई आज देश की सबसे बड़ी समस्या बन चुकी है। रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों ने गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की रसोई का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। भाजपा सरकार ने अच्छे दिनों का वादा किया था, लेकिन आज आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रही है।

उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल और खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम परिवारों पर पड़ रहा है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज़ बनकर इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी और जब तक बढ़े हुए दाम वापस नहीं लिए जाते, तब तक जनहित के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से रसोई गैस एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की बढ़ी हुई कीमतें तत्काल वापस लेने की मांग की तथा चेतावनी दी कि यदि जनता को राहत नहीं दी गई तो कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज करेगी।

कार्यक्रम में श्री कैलाश अग्रवाल, श्री आशीष रतूड़ी, श्री मोनीश मोसेस, श्री पंकज गुसाईं, श्री अमित कोठियाल, श्री सबलू, श्री हिमांशु लोदी, श्री बिट्टू गुसाईं, श्रीमती नीरू बाला, श्रीमती नीलम, श्रीमती राधा सेनी, श्रीमती जानकी साहनी, संगीता, पूजा नेगी, खुशी रावत, श्री ज्ञान प्रजापति, श्री संदीप प्रजापति, श्री कैलाश प्रजापति, श्री शेर सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *