अंकिता को न्याय देने के बजाय परिवार के स्वाभिमान पर सवाल उठा रही भाजपा, सरकार बताए कब मिलेगा न्याय: लालचंद शर्मा – hindikhabar24x7.com

अंकिता को न्याय देने के बजाय परिवार के स्वाभिमान पर सवाल उठा रही भाजपा, सरकार बताए कब मिलेगा न्याय: लालचंद शर्मा

देहरादून। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष श्री लालचंद शर्मा ने भाजपा विधायक महंत दिलीप रावत के उस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है, जिसमें उन्होंने अंकिता भंडारी के परिवार से सरकारी अनुदान लौटाने की मांग की है।

श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा नेताओं की बयानबाजी अब पीड़ित परिवार के स्वाभिमान पर सवाल उठाने तक पहुंच गई है। जिस परिवार ने अपनी बेटी खोई है, उसे न्याय दिलाने के बजाय भाजपा नेता उसे सरकारी सहायता लौटाने की नसीहत दे रहे हैं। क्या भाजपा के लिए अंकिता भंडारी प्रकरण केवल राजनीतिक बयानबाजी का विषय बनकर रह गया है?

उन्होंने कहा कि सरकारी सहायता कोई एहसान नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार को राहत देने की जिम्मेदारी है। अनुदान लेने से न्याय की मांग कमजोर नहीं होती और न ही परिवार के स्वाभिमान पर कोई सवाल खड़ा होता है। भाजपा विधायक को परिवार को उपदेश देने के बजाय अपनी सरकार से पूछना चाहिए कि अंकिता को पूर्ण न्याय दिलाने के लिए अब तक क्या ठोस कदम उठाए गए हैं।

श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार एक ओर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के नारे देती है, वहीं दूसरी ओर अंकिता के परिवार को न्याय की मांग के बीच ऐसे बयानों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा बताए कि क्या अब पीड़ित परिवार को न्याय मांगने से पहले अपने स्वाभिमान का प्रमाण भी देना होगा?

उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को अनुदान की चिंता छोड़कर न्याय की जवाबदेही तय करनी चाहिए। अंकिता भंडारी के परिवार को सम्मान, सुरक्षा और न्याय मिलना चाहिए, न कि राजनीतिक बयानबाजी और नसीहतें।

कांग्रेस पार्टी की मांग है कि भाजपा सरकार अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े सभी लंबित सवालों का पारदर्शिता के साथ जवाब दे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की अपनी जिम्मेदारी निभाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *