देहरादून। सूर्य उपासना एवं लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर ब्रह्मपुरी स्थित सूर्य मंदिर छठ पार्क में आयोजित होने वाले 17वें विशाल छठ पूजा महोत्सव की तैयारियां पूर्वांचल उत्थान समिति, ब्रह्मपुरी, देहरादून द्वारा जोर-शोर से प्रारंभ कर दी गई हैं।
क्षेत्रीय पार्षद एवं पूर्वांचल उत्थान समिति के संरक्षक सतीश कश्यप ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष महोत्सव को विशेष एवं आकर्षक बनाने के लिए उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध भोजपुरी लोक कलाकार श्री हरिकेश यादव जी एवं प्रसिद्ध लोक गायिका सुश्री कंचन काजल जी को आमंत्रित किया गया है। दोनों कलाकार अपनी भोजपुरी लोकगीतों की शानदार प्रस्तुतियों से छठ महोत्सव में सांस्कृतिक रंग भरेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ 15 नवंबर 2026 को सायं 4:00 बजे सूर्य मंदिर छठ पार्क, ब्रह्मपुरी में होगा।
उल्लेखनीय है कि पिछले 17 वर्षों से सूर्य मंदिर छठ पार्क में विशाल स्तर पर छठ पूजा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान सूर्य एवं छठी मैया की आराधना करते हैं।
श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या एवं पूजा की बेहतर व्यवस्थाओं को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक श्री विनोद चमोली जी के प्रयासों से छठ पार्क में कुछ दिन पूर्व नई नहर का निर्माण कराया गया है। वर्तमान में नहर में फर्श निर्माण एवं फिनिशिंग का कार्य प्रगति पर है, जो अंतिम चरण में पहुंच चुका है। उम्मीद है कि छठ पूजा से पूर्व यह कार्य पूर्ण हो जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी तथा अधिक संख्या में श्रद्धालु सुगमता से छठ पूजा कर सकेंगे।
समिति द्वारा महोत्सव को व्यवस्थित एवं भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं पूजा स्थल की तैयारियों सहित अन्य व्यवस्थाओं पर कार्य किया जा रहा है।
इसी क्रम में समिति की ओर से जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य अतिथियों को आमंत्रण पत्र भेंट कर महोत्सव में सम्मिलित होने हेतु आमंत्रित किया गया है।
आमंत्रित गणमान्य अतिथिगण
– माननीय महापौर श्री सौरभ थपलियाल जी
– माननीय विधायक श्री विनोद चमोली जी
– महानगर भाजपा अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ अग्रवाल जी
– पूर्व महापौर श्री सुनील उनियाल गामा जी
– राज्य मंत्री श्री अजीत चौधरी जी
– व्यापार प्रकोष्ठ के सह-संयोजक श्री अनंत सागर जी
– भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री संजीव सिंघल जी
सतीश कश्यप ने समस्त श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे सपरिवार इस पावन महोत्सव में सम्मिलित होकर छठी मैया का आशीर्वाद प्राप्त करें और आयोजन को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।