राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय में तालाबंदी करने पहुंचे आप कार्यकर्ता, महानगर अध्यक्ष संजय छेत्री सहित कई कार्यकर्ता हिरासत में - hindikhabar24x7.com

राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय में तालाबंदी करने पहुंचे आप कार्यकर्ता, महानगर अध्यक्ष संजय छेत्री सहित कई कार्यकर्ता हिरासत में

आज प्रातः 11 बजे पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार आम आदमी पार्टी महानगर और युवा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता छह नंबर पुलिया स्थित राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर तालाबंदी करने पहुंचे।

जबरदस्त नारेबाजी के बीच जैसे ही कार्यकर्ताओं ने गेट में प्रवेश किया, मौके पर पहले से मौजूद भारी पुलिस बल ने अलोकतांत्रिक तरीके से महानगर अध्यक्ष संजय छेत्री को हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा खींचते हुए ले जाने के बावजूद कार्यकर्ताओं के हौसले बुलंद रहे और उन्होंने हाथ उठाकर लोकतंत्र बचाओ के नारे लगाए।
इस दमनकारी कार्रवाई के विरोध में आम आदमी पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष संजय छेत्री ने हिरासत में से कहा –
“हम लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने आए थे। चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं रहा, वह सत्ता पक्ष के इशारे पर काम कर रहा है। ज्ञानेश कुमार जैसे अधिकारी के रहते निष्पक्ष चुनाव की कल्पना नहीं की जा सकती। हमें गिरफ्तार कर सकते हैं, हमारी आवाज को नहीं दबा सकते। आम आदमी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता सड़क पर उतर कर लोकतंत्र की हत्या के खिलाफ लड़ेगा।”
प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसौदिया ने कहा –
“आज जो हुआ वह उत्तराखंड में लोकतंत्र के लिए काला दिन है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हमारे कार्यकर्ताओं को जिस तरह घसीट कर हिरासत में लिया गया, वह साबित करता है कि सरकार कितनी डरी हुई है। राज्य निर्वाचन आयोग का कार्यालय जनता का कार्यालय है, भाजपा का कार्यालय नहीं। अगर हमारी मांग पर चुनाव आयोग गौर नहीं करता तो यह आंदोलन पूरे प्रदेश में और तेज होगा। हम ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर अडिग हैं।”
युवा प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु पुंडीर ने कहा –
“युवा इस देश में वोट की चोरी और संस्थाओं के दुरुपयोग को अब बर्दाश्त नहीं करेगा। छह नंबर पुलिया पर आज पुलिस ने हमें रोकने की कोशिश की है, लेकिन यह लड़ाई अब हर गली-मोहल्ले तक जाएगी। युवा प्रकोष्ठ का हर कार्यकर्ता संजय छेत्री जी के साथ खड़ा है। हम पूछना चाहते हैं – जब चुनाव आयोग ही निष्पक्ष नहीं रहेगा तो युवा किस पर भरोसा करेगा? ज्ञानेश कुमार को तुरंत इस्तीफा देना होगा।”
आम आदमी पार्टी मांग करती है कि हिरासत में लिए गए सभी कार्यकर्ताओं को तुरंत रिहा किया जाए और राज्य निर्वाचन आयोग अपनी निष्पक्षता साबित करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *