गट्टी खोला मार्ग की बदहाल स्थिति केवल एक सड़क की समस्या नहीं, बल्कि पंद्रह वर्षों के विकास के दावों की सच्चाई है। स्थानीय विधायक के आवास से मात्र 3–4 किलोमीटर और मुख्यमंत्री आवास से लगभग 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह मार्ग पिछली आपदा में क्षतिग्रस्त हुआ था, लेकिन आज तक इसका स्थायी निर्माण नहीं हो सका। इस सड़क से लगभग 12 ग्राम सभाओं के लोग, सेना के जवानों के परिवार, छात्र, किसान और आम नागरिक प्रतिदिन आवागमन करते हैं, फिर भी उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है।
मैंने कई बार वीडियो और लिखित शिकायतों के माध्यम से सरकार और संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित किया, लेकिन बरसात सिर पर होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आपदा राहत के लिए करोड़ों रुपये आए, फिर भी सरकार अपने ही घर के पास की सड़क नहीं बना सकी। यदि अपने आसपास के क्षेत्र की यह स्थिति है, तो पूरी विधानसभा के विकास का अंदाज़ा सहज ही लगाया जा सकता है।
क्षेत्र की जनता अब चुप रहने वाली नहीं है। माननीय विधायक जी, अभी भी समय है कि भारी वर्षा से पहले इस मार्ग का स्थायी समाधान कराया जाए। यह किसी की निजी संपत्ति का नहीं, बल्कि जनता के टैक्स का पैसा है और उसका उपयोग जनता की सुविधा के लिए ही होना चाहिए।
“लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है। इस बार चुनाव वादों, भाषणों और शिलान्यासों पर नहीं, बल्कि पंद्रह वर्षों के काम और जवाबदेही पर होगा। जनता अपना बहुमूल्य वोट विकास, ईमानदार कार्यशैली और जनसेवा के आधार पर देगी तथा लोकतांत्रिक तरीके से अपना निर्णय सुनाएगी।”