भारतीय माता के वीर सपूत एवं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जांबाज जवान शहीद प्रमोद सजवाण जी के बलिदान दिवस पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कैंट विधानसभा की माननीय विधायक श्रीमती सविता कपूर जी ने आईटीबीपी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी तथा उनके अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती सविता कपूर जी ने कहा कि शहीद प्रमोद सजवाण जी का राष्ट्र के प्रति समर्पण और बलिदान सदैव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों का त्याग कभी भुलाया नहीं जा सकता। राष्ट्र उनके बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान आईटीबीपी के अधिकारियों द्वारा शहीद प्रमोद सजवाण जी के परिजनों को सम्मानित किया गया। विधायक श्रीमती सविता कपूर जी ने शहीद परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि समाज और राष्ट्र का प्रत्येक नागरिक उनके परिवार के साथ सदैव खड़ा है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए युवाओं से शहीदों के आदर्शों का अनुसरण कर राष्ट्रसेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री श्री शमशेर सिंह बिष्ट जी, पार्षद श्री अंकित अग्रवाल जी, भाजपा प्रदेश मंत्री श्री आदित्य चौहान जी, श्री एस.एस. कोठियाल जी, श्री शेखर नौटियाल जी, आईटीबीपी के अधिकारीगण एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।