पीआरडी जवानों की 365 दिन रोजगार की मांग का कांग्रेस ने किया समर्थन, सरकार बनने पर मांगों के समाधान का प्रयास करेगी पार्टी: प्रीतम सिंह – hindikhabar24x7.com

पीआरडी जवानों की 365 दिन रोजगार की मांग का कांग्रेस ने किया समर्थन, सरकार बनने पर मांगों के समाधान का प्रयास करेगी पार्टी: प्रीतम सिंह

कांग्रेस विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री प्रीतम सिंह ने देहरादून स्थित पीआरडी निदेशालय में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों से मुलाकात की। उन्होंने जवानों की 365 दिन रोजगार उपलब्ध कराने की मांग का समर्थन करते हुए उनकी समस्याओं को जायज बताया।

इस अवसर पर प्रीतम सिंह ने कहा कि पीआरडी जवान लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। जवान प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न सरकारी कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें नियमित रोजगार और अन्य सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब वह प्रदेश सरकार में मंत्री थे, तब उनके कार्यकाल में पीआरडी जवानों के प्रशिक्षण एवं उनके हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए थे। कांग्रेस हमेशा से जवानों के हितों के प्रति संवेदनशील रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जवानों की मांगों का समर्थन करती है और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर उनकी जायज मांगों को पूरा करने तथा 365 दिन रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि पीआरडी जवान वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें आज भी रोजगार की अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है। सरकार को उनकी समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए 365 दिन रोजगार सहित उनकी अन्य मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार ने कहा कि पीआरडी जवानों की मांगें उनके सम्मान, रोजगार और भविष्य की सुरक्षा से जुड़ी हैं। सरकार को उनकी अनदेखी करने के बजाय उनके साथ संवाद कर समस्याओं का समाधान करना चाहिए। कांग्रेस पार्टी जवानों के संघर्ष में उनके साथ खड़ी है।

बार काउंसिल सदस्य संग्राम पुंडीर ने कहा कि पीआरडी जवानों के साथ न्याय होना चाहिए। यदि अपनी मांगों के लिए संघर्ष कर रहे जवानों को न्यायालय में कानूनी सहायता या पैरवी की आवश्यकता पड़ती है, तो वह व्यक्तिगत रूप से उनका केस लड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि जवानों को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव कानूनी सहयोग प्रदान किया जाएगा।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने पीआरडी जवानों को आश्वस्त किया कि पार्टी उनके अधिकारों और मांगों को लेकर उनके साथ खड़ी है तथा उनके संघर्ष को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *