सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने विभिन्न विकास योजनाओं का किया शिलान्यास – hindikhabar24x7.com

सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने विभिन्न विकास योजनाओं का किया शिलान्यास

सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसुरक्षा को सुदृढ़ करने और जनसुविधाओं के विस्तार के संकल्प के साथ आज सेलाकुई स्थित अम्बेडकर कॉलोनी में सुरक्षा दीवार तथा वार्ड संख्या 07 में सी.सी. मार्ग (कंक्रीट सड़क) निर्माण कार्य का विधिवत पूजा-अर्चना कर शिलान्यास किया गया।

इस दौरान विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि क्षेत्र का समग्र, संतुलित एवं सतत विकास उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

सेलाकुई की अम्बेडकर कॉलोनी में प्रस्तावित सुरक्षा दीवार का निर्माण स्थानीय निवासियों की सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। बरसात के दिनों में क्षेत्रवासियों को होने वाली परेशानियों को कम करने तथा संभावित जोखिमों से सुरक्षा प्रदान करने में यह निर्माण कार्य सहायक सिद्ध होगा। सुरक्षा दीवार के निर्माण से स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

इसी क्रम में सेलाकुई के वार्ड संख्या 07 में सी.सी. मार्ग निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस मार्ग के निर्माण से क्षेत्रीय लागों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था बेहतर होगी। पक्के मार्ग के निर्माण से दैनिक आवागमन सुगम होने के साथ-साथ विद्यार्थियों, बुजुर्गों और अन्य स्थानीय लोगों को भी लाभ मिलेगा।

विधायक पुण्डीर ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र सहसपुर के प्रत्येक वार्ड एवं ग्राम पंचायत में आवश्यकतानुसार सड़क, पेयजल, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। विकास कार्यों की प्राथमिकता निर्धारित करते समय स्थानीय निवासियों की आवश्यकताओं एवं समस्याओं को विशेष महत्व दिया जाता है। हमारा प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचे और क्षेत्रवासियों को बेहतर जनसुविधाएँ उपलब्ध हों।

उन्होंने कहा कि जनसेवा, जनसुरक्षा और क्षेत्र के विकास के प्रति प्रतिबद्धता के साथ सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है। आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र को विकास के नए आयामों तक पहुँचाने के प्रयास जारी रहेंगे।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि व पार्षद अनिल नौटियाल, नगर अध्यक्ष सेवा भारती, पूर्व प्रधान भगत सिंह राठौर, पार्षद अरशद, श्रीमती नरगिस कश्यप, श्रीमती कल्पना कोली, सिंचाई विभाग के अपर सहायक अभियंता प्रशांत कुमार एवं राजेश कुमार, सहायक अभियंता राजेंद्र सिंह चौहान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *