देहरादून में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं चिंताजनक, कानून-व्यवस्था पर सरकार दे जवाब : लालचंद शर्मा - hindikhabar24x7.com

देहरादून में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं चिंताजनक, कानून-व्यवस्था पर सरकार दे जवाब : लालचंद शर्मा

राजधानी देहरादून के रायपुर क्षेत्र में तपोवन रोड स्थित विष्णुलोक कॉलोनी में घर में घुसकर दंपती और उनकी नौकरानी की हत्या की घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। बदमाशों द्वारा लूट के इरादे से घर में घुसकर तीन लोगों की बेरहमी से हत्या किए जाने की खबर बेहद गंभीर और चिंताजनक है।

कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष श्री लालचंद शर्मा ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि राजधानी में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। घर के अंदर घुसकर तीन लोगों की हत्या कर देना यह सवाल खड़ा करता है कि आम नागरिक अपने घर में भी कितना सुरक्षित है।

उन्होंने कहा कि इससे पहले पार्षद अमिता सिंह के यहां हुई घटना ने भी राजधानी की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए थे। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं बताती हैं कि अपराधियों में पुलिस और कानून का भय कम होता जा रहा है।

श्री लालचंद शर्मा ने कहा कि राजधानी में दिनदहाड़े और घरों के भीतर आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद सरकार और पुलिस प्रशासन कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीरता दिखाने के बजाय केवल दावे करते नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि राजधानी के नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जमीनी स्तर पर क्या कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से तीनों हत्याओं की तत्काल और निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि राजधानी में कानून का राज और आम जनता का भरोसा कायम रह सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *