महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर महानगर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि

महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून द्वारा आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर कांग्रेस भवन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। महानगर कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों और सिद्धांतों को याद किया।

इस अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने सत्य, अहिंसा और सामाजिक समरसता के मार्ग पर चलते हुए देश को स्वतंत्रता की राह दिखाई। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया, जो आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा,
“महात्मा गांधी जी का सत्य और अहिंसा का संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री जी का सादगी और राष्ट्रसेवा का जीवन आज भी हम सभी को प्रेरणा देता है। इन महान नेताओं को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम उनके आदर्शों को अपने जीवन और सार्वजनिक जीवन में अपनाएं तथा देश की एकता, लोकतंत्र और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करें।”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महात्मा गांधी जी के सत्य, अहिंसा और सर्वधर्म समभाव तथा शास्त्री जी के ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी, मुकेश सोनकर, सूरत लम्बा,मनीष गर्ग, संजय गौतम, अशोक कुमार ,वीरेंद्र पंवार, गगन, आदर्श सूद कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *